
बिजनौर: इटावा में लड़की को जिंदा जलाने के बाद अखिलेश राज में बिजनौर जिले के हीमपुर देपा क्षेत्र में अपहरण में हाथ होने के संदेह पर 18 साल की एक लड़की को जिंदा जलाकर मार डाला। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मुढाल गांव में रहने वाले सूरजपाल सिंह की बेटी किरन कल रात कुछ सामान खरीदने गई थी, तभी गांव के ही पांच लोगों ने उस पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी और बचाने की कोशिश के लिए आगे आए लोगों को धमकाते हुए भाग गए। उन्होंने बताया कि लड़की को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आज सुबह उसकी मृत्यु हो गई।
सूत्रों ने बताया कि लड़की द्वारा मौत से पहले बिजनौर की उपजिलाधिकारी मंजुलता के समक्ष दिये गए बयान के आधार पर कैलाश, भीम सिंह, पिंटू, अजय तथा बबलू नामक व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कैलाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि कैलाश के परिवार की एक लड़की कुछ दिन पहले लापता हो गई थी। उसे इस वारदात में किरन का हाथ होने का शक था। सम्भवत। इसी बात को लेकर यह घटना अंजाम दी गई।
