अखिलेश ने दंगों का ठीकरा बीजेपी के सिर पर फोड़ा, आजम का किया बचाव

अखिलेश ने दंगों का ठीकरा बीजेपी के सिर पर फोड़ा, आजम का किया बचाव

लखनऊ: मुजफ्फरनगर दंगों के लिए चौतरफा आलोचना झेल रहे अखिलेश यादव ने अपनी सरकार और आजम खान का पुरजोर बचाव किया है। अखिलेश ने दंगों के पीछे बीजेपी का हाथ बताकर पल्‍ला झाड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक हिंसा के पीछे बीजेपी का हाथ है। उन्होंने यह भी कहा कि आजम खान ने कोई फोन कॉल नहीं किया।

हालांकि उन्‍होंने यह स्‍वीकार किया है कि दंगों से निपटने में प्रशासन से भूल हुई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगों का धब्बा मेरे जीवन में कभी नहीं धुलेगा। यादव ने विधानभा में कहा मैं नया हूं लेकिन मुजफ्फरनगर दंगों का धब्बा मेरे जीवन में ऐसा धब्बा लगा जो कभी नहीं धुलेगा। उन्होंने कहा कि मैं मानता हूं मेरी पुलिस ने निष्पक्षता से काम नहीं किया। मदद के लिए गांव में नहीं गई। साथ ही अखिलेश यादव ने यह भी माना कि दंगों में प्रशासन से चूक हुई है। उन्होंने कहा कि हम महापंचायत में आने वाली भीड़ का सही आकलन नहीं कर पाए।

अखिलेश यादव ने कहा कि हम किसी भी संप्रदाय के साथ भेदभाव नहीं करते। सभी लोगों को सुरक्षा दी जाएगी। अखिलेश ने कहा कि हम दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। मामले की निष्पक्ष जांच होगी। आमतौर पर विनम्र माने जाने वाले यादव अपने भाषण के दौरान सख्त दिख रहे थे वह मुजफ्फरनगर दंगे पर सदन में हुई चर्चा का जवाब दे रहे थे।

दूसरी ओर मुजफ्फरनगर दंगों पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने भी कहा है कि ये दंगे सपा सरकार की नाकामी हैं और बीजेपी की जिम्मेदारी।

Related posts