अकूत खजाने पर थी लुटेरों की नजर

रोहड़ू। बछूंछ गांव में प्राचीन देवता बौंदरा मंदिर के अकूत खजाने पर पहले से ही लुटेरों की नजर थी। लुटेरों की नजर मंदिर के गर्भ गृह पर थी, हालांकि यहां तक पहुंचने में वे असफल रहे। सवाल यह उठ रहा है कि लुटेरों को इसकी भनक कैसे लगी कि देवता की मुख्य पालकी गर्भ गृह से बाहर है।
देवता बौंदरा की पालकी पांच दिन पहले गर्भ गृह से गांव के दौरे पर निकली थी। रविवार को देवता के लौटने के बाद पालकी दूसरे मंदिर में रखी गई। पूर्णिमा और मंगलवार को विशेष पूजा न होने के कारण पालकी बुधवार तक छोटे मंदिर में रहनी थी। मंदिर के अंदर पालकी के सामने चौकीदार बिस्तर कर सोया था। रात करीब साढ़े नौ बजे चौकीदार मंदिर में ड्यूटी पर पहुंचा था। छोटे मंदिर के अंदर जाने को भी पहले लोहे का गेट आता है। उसके अंदर करीब चार इंच मोटा लकड़ी का गेट आता है। इस गेट के बाहर से धातु की शीट चढ़ा दरवाजा है। परिसर का मुख्य गेट बंद रहता है। परिसर को चारों ओर से बंद किया गया है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि लुटेरों ने दीवार फांद कर ही भीतर प्रवेश किया होगा। लुटेरों को चौकीदार की भी पहले से अंदर रहने की जानकारी होगी। लूट के बाद मंदिर के दरवाजे खुले पाए गए हैं। यानी इस लूट से मंदिर से जुड़े या क्षेत्र के व्यक्ति का सहयोग रहने से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। हालांकि, पूरे क्षेत्र के लोगों की देवता बौंदरा के प्रति अटूट आस्था है। ऐसे में स्थानीय लोगों का लूूट में संलिप्त होने का साहस जुटाना संभव नहीं है। लूट में मजदूर, फेरी लगाने वाले या दूसरे कारोबार में शामिल प्रवासी लोगों के शामिल होने की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
इसी क्षेत्र के शाड़ीथाच में वर्ष 2004 में कुछ प्रवासी हथियारबंद वर्दीधारी लोगों ने भी कुछ मजदूरों के ढारों में रात के समय हजारों रुपए की लूट की थी। उन लुटेरों का अभी तक सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने अब इन सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी राजकुमार चंदेल ने कहा कि क्षेत्र में रहने वाले सभी प्रवासी लोगों का पूरा खाका तैयार किया जा रहा है। ग्रामीणों और मंदिर कमेटी के सहयोग से भी सुराग तलाशने की कोशिश की जा रही है। एसडीएम वाईपीएस वर्मा ने कहा कि वह खुद मौके का दौरा कर चुके हैं। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से लुटेरों का पता लगाने की कोशिश शुरू हो गई है। हर पहलू पर जांच की जा रही है।

Related posts