
तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा की दो पंचायतों में पांच दिन से बिजली नहीं है। इस कारण इन पंचायतों के दर्जनों गांवों के लगभग 70 परिवारों को अंधेरे में रातें काटनी पड़ रही है। झज्जाकोठी, शक्तिनाला व सेरू में लगे बिजली बोर्ड के ट्रांसफार्मर जल गए हैं। इस कारण झज्जाकोठी व थनेई के दर्जनों गांवों में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई है। स्थानीय निवासी रमेश कुमार, राहुल, बिहारी लाल, अशोक कुमार, प्रेम लाल, जोगिंद्र सिंह, सुदेश कुमार, प्यारो राम व सुरेंद्र ने बताया कि बिजली न होने के कारण ग्रामीणों को असुविधा हो रही है। विशेषकर स्कूली बच्चों को पढ़ाई करने में दिक्कतें पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि आए दिन यहां पर बिजली की समस्या रहती है। इस कारण ग्रामीणों को समस्या से जूझना पड़ता है। उधर, बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि जल्द नए ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
