
चौखुटिया। ग्राम पंचायत सिरोली में भारी बारिश और तूफान से कई पेड़ गिर गए। कनगड़ी में कुछ मकानों के छतों के पत्थर उड़ गए। अलबत्ता तीन मकान बाल-बाल बच गए। जुकानोली में एक पेड़ बिजली के तारों के ऊपर गिरा है। जिससे दर्जन भर ग्राम पंचायतों में 24 घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही।
मंगलवार को देर शाम बारिश और तूफान के चलते ग्राम पंचायत सिरोली के कनगड़ी में बचीराम, केशव राम और अमर सिंह राणा के मकान के छतों के पत्थर उड़ गए। आनंद सिंह की गौशाला टूट गई। गिरीश राम, दिनेश राम और बचीराम के मकानों के आगे तीन विशाल पेड़ गिरे हैं अलबत्ता मकान बाल-बाल बच गए। सुरेश राम के मकान की दीवार का एक हिस्सा पूरी तरह से टूटने की स्थिति में है। भयभीत परिवार के सदस्यों ने निकट में ही अपने भाई दिनेश राम के मकान में रात बिताई।
ग्राम सिरोली में एक पेड़ टूट कर माधोराम के बैल के ऊपर गिर गया जिससे बैल की मौके पर ही मौत हो गई। जुकानोली में बिजली के तारों में पेड़ गिरने से सिरोली, महतगंाव, दंतोला, छाना, महाकालेश्वर, चित्रेश्वर और बैरती सहित दर्जन भर ग्राम पंचायतों में 24 घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। उधर राजस्व निरीक्षक जगदीश नेगी ने बताया कि ग्राम पंचायत बाखली के टढ़ियाल बाखली में मकान से लगी कमल सिंह की गौशाला टूट गई है। इधर विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता महिपाल सिंह मेहता ने बताया कि तूफान से कई स्थानों पर पेड़ विद्युत तारों में गिर गए। जबकि कुछ स्थानों पर खंभे झुक गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित गावों में विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। अलबत्ता लाइन को पूरी तरह से ठीक होने में एक दिन और लग सकता है।
