
स्वारघाट (बिलासपुर)। स्वारघाट के साथ लगते नालागढ़ उपमंडल के तहत शनिवार देर शाम को हुई भारी बरसात और तूफान के कारण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नंड के भवन को काफी नुकसान हुआ है। तूफान से स्कूल की छत की टीन उखड़ गई है। पहले से ही दयनीय स्थिति में पहुंचे स्कूल भवन में दरारें आ गई हैं।
स्कूल प्रबंधन समिति प्रधान प्यारे लाल, ग्राम पंचायत नंड की प्रधान कमला देवी, उप प्रधान विष्णु राम, शेर सिंह, चेतराम, ओम प्रकाश और लाभ सिंह ने कहा कि क्षेत्र में हुई भारी बरसात और तूफान के कारण स्कूल भवन की छत की टीन उखड़ गई है। वहीं स्कूल भवन को पहले ही असुरक्षित घोषित किया जा चुका है। यदि स्कूल समय में तूफान या बारिश होती तो कोई अप्रिय घटना भी घटित हो सकती थी लेकिन स्कूलों में छुट्टियों का समय होने के कारण घटना टल गई। यदि समय रहते नए भवन का प्रावधान नहीं किया गया तो छुट्टियों के बाद बच्चों को खुले आसमान के नीचे पढ़ाई करने पर विवश होना पड़ेगा। लोगों ने शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि पाठशाला के क्षतिग्रस्त भवन के स्थान पर नए भवन का निर्माण किया जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई सुचारु रूप से चल सके।
