
काशीपुर। पुलिस ने बाइक चोर और लूट गिरोह के तीन सदस्यों को दबोच कर एक बडे़ अंतर्राज्यीय शातिर गिरोह का पर्दाफाश करने में कामयाबी हासिल की है। गिरोह के चार अन्य सदस्य पुलिस पकड़ से बाहर हैं। गिरोह से दिल्ली, हरियाणा और रामपुर से चोरी व लूटी गई पांच बाइक बरामद हुई हैं।
क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाओं से लोग परेशान हैं। एसएसपी रिद्धिम अग्रवाल ने कोतवाल काशीपुर डीसी ढौंडियाल के नेतृत्व में चौकी प्रभारी आईटीआई अरुण सैनी, पैगा चौकी प्रभारी नासिर, कटोराताल चौकी प्रभारी नरेश पाल, टांडा उज्जैन चौकी प्रभारी योगेश उपाध्याय, बांसफोड़ान चौकी प्रभारी योगेश दत्त और उपनिरीक्षक वीरेंद्र रमोला, उपनिरीक्षक मदन बिष्ट, कांस्टेबिल शाहिद हुसैन, अरविंद कुमार, नीरज बिष्ट, उपेंद्र राठी, संजय कुमार की टीम गठित की। टीम को सीओ प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में बाइक चोर गिरोह को पकड़ने का निर्देश दिया। बीती रात गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। इनके पास से विभिन्न राज्यों से चुराई और लूटी गई पांच मोटरसाइकिल बरामद हुई।
रविवार को सीओ ने कोतवाली में पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस टीम दोपहिया वाहन चोरों की तलाश में जुटी थी। तभी मुखबिर ने कोतवाल ढौंडियाल को बताया कि अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य लोहिया पुल के रास्ते शहर की ओर आ रहे हैं। टीम ने घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ा। उनके पास से बरामद बाइक के कागजात नहीं थे। पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने अपना नाम अजय पुत्र स्व. राकेश निवासी ग्राम दहेड़ीजुम्मन थाना छजलैट (मुरादाबाद), आफताब पुत्र आशकार हुसैन निवासी ग्राम हटव्वा थाना डिडौली (जेपी नगर) बताया। पकड़े गए युवकों ने बताया कि वह दिल्ली, हरियाणा, स्वार (रामपुर), काशीपुर क्षेत्र और मुरादाबाद से बाइकें चुराकर बेचते हैं। इनकी निशानदेही पर टीम ने ग्राम शिवलालपुर के निकट पुरानी सब्जी मंडी के खंडहर में छुपा कर रखी चार बाइकें बरामद की। एक युवक गुलाम मोहम्मद निवासी काशीपुर इन बाइकों की देखरेख कर रहा है। गुलाम मोहम्मद को हिरासत में ले लिया। सीओ ने बताया कि पकड़ी गई बाइकें दिल्ली, हरियाणा, काशीपुर से चुराई गई हैं। एक बाइक वैशाली कालोनी निवासी विक्रम सिंह की है। वह अक्तूबर 2012 में स्वार किसी काम से गया था वहां बदमाशों ने उससे बाइक लूट थी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने अपने गिरोह मे चार और साथियों का शामिल होना बताया है जो फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
