
चौखुटिया/द्वाराहाट। कुरमाण में रामलीला के पांचवें दिन केवट मिलन और दशरथ स्वर्गवास के दृश्यों का मंचन हुआ। केवट बने हिम्मत गिरि ने लोगों को आकर्षित किया। कोरस की भूमिका में सुनीता, कोमल, दीपा, वर्षा, भावना, कंचन, लता, नेहा, तारा और दीक्षा थीं।
उधर ढौन के भूमियां मंदिर में हो रही रामलीला में अंगद-रावण संवाद देखने काफी भीड़ उमड़ी। रावण की भूमिका में दिनेश जोशी, अंगद की ललित बिष्ट और हनुमान की भूमिका में प्रदीप बिष्ट थे। उधर जाजली में आठवें दिन अंगद-रावण संवाद का शानदार मंचन किया गया। ठंड के बावजूद क्षेत्र के आसपास के गांवों से काफी संख्या में लोग रामलीला देखने पहुंच रहे हैं।
दर्शकों को हंसाने पहुंच जाते हैं खिमदा
चौखुटिया। बाखली निवासी खीमानंद जोशी (60) उर्फ खीमदा जोकर ठंड के बावजूद लोगों को हंसाने हर जगह पहुंच जाते हैं। निकटवर्ती क्षेत्रों में होने वाली रामलीलाओं से उन्हें बुलावा आता है तो वे जरूर पहुंचते हैं। खिमदा ने 30 साल की उम्र से जोकर का किरदार निभाना शुरू किया था। आज हर कोई उन्हें खीमदा जोकर के नाम से ही जानता है। खीमदा का कहना है कि जब तक शरीर में खून है वे जोकर के रूप में लोगों को हंसाते रहेंगे।
