मां और दो पुत्रों को गिरफ्तार कर जेल भेजा

बागेश्वर। मंडलसेरा में महिला की खुदकुशी के बाद उत्पीड़न के मामले में नामजद महिला और उसके दो पुत्रों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। इस मामले में एक अन्य महिला भी नामजद है।
बुधवार की सुबह मंडलसेरा में आनंद सिंह मलड़ा की पत्नी 29 वर्षीया संगीता ने नुवान का सेवन करके खुदकुशी कर ली। उसके बाद आनंद सिंह ने पड़ोसी महिला धनुली देवी, उसके पुत्र मदन सिंह, पूरन सिंह और पूरन सिंह पत्नी कविता देवी के खिलाफ धारा 306, 504 के तहत एफआईआर दर्ज कराई। इसमें इन लोगों पर उत्पीड़न करने और गाली गलौज करने का आरोप लगाया गया है। आनंद सिंह के अनुसार यह लोग अवैध शराब बेचते थे। विरोध करने के कारण संगीता को परेशान कर रहे थे। पुलिस ने बृहस्पतिवार को धनुली देवी और उनके दोनों पुत्रों को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। अदालत ने तीनों की जमानत याचिका को खारिज करते हुए उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में नामजद दूसरी महिला की गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं।

Related posts