
जुब्बल (शिमला)। विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ जुब्बल कोटखाई इकाई ने प्रस्ताव पारित कर विद्युत बोर्ड के प्रति कठोर कदम उठाने का निर्णय लिया है। संघ का आरोप है कि विद्युत बोर्ड बार-बार उनकी मांगों को नजर अंदाज कर रहा है। अपनी मनमानी कर तकनीकी कर्मचारियों को हताश किया जा रहा है। संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, सचिव प्रकाश शर्मा तथा प्रेस सचिव बलवीर सिंह शक्टेट ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि 14 अप्रैल को कुल्लू में आयोजित होने वाली संघ की राज्य स्तरीय बैठक में भी कर्मचारियों के साथ हो रहे अन्याय के मुद्दे को उठाया जाएगा। तकनीकी कर्मचारियों ने अपने साथ हो रहे भेदभाव के खिलाफ सख्त कदम उठाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि स्टाफ की कमी के कारण कर्मचारियाें पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है। कर्मियों को आवश्यक कार्य तक के लिए छुट्टियां नहीं दी जा रही हैं। सुपरवाइजर स्टाफ जरूरत से ज्यादा है लेकिन राजनीतिक संरक्षण के कारण कोई पूछ नहीं रहा है। जबकि, कार्य करने के लिए तकनीकी कर्मचारियों की कमी है। कार्यालयों में स्टाफ अधिक है फिर भी बिलिंग का कार्य निजी हाथों में दिया गया है। उपभोक्ताओं को भारी भरकम बिल गलत ढंग से दिए जा रहे हैं। इससे उपभोक्ता तकनीकी कर्मचारियों पर भड़क रहे हैं। संघ की मांग है कि बिलिंग का काम पुराने ढंग से सरकारी कर्मचारियों से ही करवाया जाए। तकनीकी कर्मचारियों के बकाया टीए तथा मेडिकल बिलों का भुगतान किया जाए। संघ ने तकनीकी कर्मचारी दिपन लाल दुल्टा के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया।