
बद्दी (सोलन)। भटोली कलां पंचायत के छाती पुरा के एक व्यक्ति ने इस गांव की एक महिला पर धारदार हथियार से हमला कर उसे जख्मी कर दिया है। महिला के हाथ में गहरी चोट आई है। पुलिस ने महिला का मेडिकल कराने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। मंगलवार देर शाम बरोटीवाला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह झगड़ा इन दोनों की पुरानी रंजिश के चलते हुए हुआ है।
पुलिस के अनुसार छाती पुरा गांव का काकू सोमवार देर शाम झाड़माजरी के एक युवक मनु की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दुकान के आगे से छातीपुरा गांव की एक महिला अपने पति के साथ जा रही थी। महिला और काकू में रंजिश को लेकर बोलचाल हो गई। महिला ने कुछ समय पहले काकू से दुकान किराए पर ले रखी थी। काकू उक्त महिला से दुकान छुड़ाना चाहता था लेकिन महिला छोड़ नहीं रही थी। जिस पर इन दोनों को काफी झगड़ा हुआ। बाद में महिला ने दुकान को तो छोड़ दिया लेकिन अभी भी इन दोनों के बीच में मन मुटाव था। इसी बात को लेकर काकू ने महिला के साथ गाली गलौज किया। महिला ने उसे शांत रहने के लिए कहा तो उसने दुकान से एक धारदार हथियार निकाल कर महिला पर वार कर उसका दाहिना हाथ जख्मी कर दिया। दुकानदार मनु और महिला के पति सोमनाथ ने बीच बचाव करके मामले को शांत किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने महिला का मेडिकल कराया जिसमें हाथ में गहरा जख्म पाया गया। पुलिस ने धारा 324 व 504 के तहत मामला दर्ज कर लिया। इस संबंध में एसपी अरुल कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी काकू को गिरफ्तार कर लिया है। उसे बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।