
रामपुर बुशहर। ब्रौ पुलिस थाना के तहत जगातखाना पुल के नजदीक से एक महिला ने सतलुज नदी में छलांग लगा दी। महिला के बारे में अभी तक कोई पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक भड़ावली पंचायत के रसेंदली गांव निवासी शांता देवी ने सोमवार सवेरे साढ़े दस बजे सतलुज नदी में छलांग लगा दी। महिला के नदी में कूदने के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस बीच सूचना मिलने पर ब्रौ पुलिस थाना से पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि जगातखाना में एक युवक ने महिला को पकड़ ही लिया था कि तेज बहाव में वह फिसल गई और थोड़ी ही देर में महिला आंखों से ओझल हो गई। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर रसेंदली गांव से महिला के परिजन और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और ग्रामीण मिलकर महिला की खोजबीन में दिनभर जुटे रहे, लेकिन महिला के बारे में कोई पता नहीं चल पाया।
पुलिस थाना प्रभारी ब्रौ प्रेम लाल भारद्वाज ने महिला के सतलुज नदी में कूदने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस नदी के किनारे महिला की तलाश कर रही है। माना जा रहा है कि महिला नदी के तेज बहाव में बह गई।