भरमौर से किन्नौर तक के कार्यकर्ताओं में दिखा जोश

मंडी। मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के नामांकन में 17 विधानसभा हलकों से पार्टी नेता व कार्यकर्ता भारी जोश के साथ मंडी पहुंचे। उपचुनाव को लेकर कांग्रेस की पहली बड़ी चुनावी रैली में चंबा जिले के दुर्गम क्षेत्र पांगी भरमौर से लेकर रामपुर, किन्नौर तक काफी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रत्याशी के नामांकन परचा भरने के बाद रैली में शक्ति प्रदर्शन का एहसास करवाया।
एक दिन पहले कांग्रेस हाईकमान की ओर से उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह के नाम पर मोहर लगाने के बावजूद भी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने नामांकन के दिन भीड़ जुटाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। हर विधानसभा हलके से पार्टी नेता अपने समर्थक व कार्यकर्ताओं के साथ रैली में गाजे बाजों के साथ शरीक हुए। चंबा जिले के सबसे दुर्गम पांगी भरमौर से लेकर रामपुर व किन्नौर से भी काफी कार्यकर्ताओं ने मंडी पहुंच कर पार्टी प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को जीत दिलाने का भरोसा दिया। रैली के दौरान विधानसभा वार कार्यकर्ता पार्टी के झंडे, वीरभद्र सिंह व प्रतिभा सिंह के होर्डिंग के साथ नारे लगाते हुए मंच तक पहुंचे। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री व प्रतिभा सिंह का फूलों के हार से स्वागत किया गया।
रैली में प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह, आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, परिवहन मंत्री जीएस बाली, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, सामाजिक एवं न्याय अधिकारिता मंत्री धनी राम शांडिल, आबकारी मंत्री प्रकाश चौधरी, ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया, उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा, वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, सीपीएस सोहन लाल के अलावा विधायक रवि ठाकुर, नंद लाल ठाकुर, जगत सिंह नेगी, प्रदेश योजना आयोग के उपाध्यक्ष राम लाल ठाकुर, पूर्व मंत्री रंगीला राम राव, सिंघी राम, हर्ष महाजन, सत्य प्रकाश ठाकुर, गंगू राम मुसाफिर, टेक चंद डोगरा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष मनभरी देवी, जिला मंडी कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर, कुल्लू के बुद्धि सिंह ठाकुर, शिमला के अध्यक्ष केहर सिंह खाची आदि मौजूद थे।

Related posts