बर्फबारी के कारण शेष दुनिया से कटा भरमौर

भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में भारी हिमपात के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। तीन दिन से हो रही बर्फबारी के चलते यहां पर 60 सेंटीमीटर के करीब हिमपात होने की सूचना है। इसके बाद भी बुधवार को बर्फबारी का क्रम जारी रहा है। इस वजह से आम जरूरत की चीजें भी मार्केट तक नहीं पहुंच पाईं। अधिकांश रूटों पर निगम की बसें नहीं पहुंचीं इस कारण लोगों को पैदल ही गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। सारा दिन बिजली की आंखमिचौली भी चलती रही। इस वजह से लोग हीटर नहीं सेक पाए। सबसे ज्यादा परेशानी सरकारी कार्यालयों में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को पेश आई। खडमुख के पास बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध होने से अब भरमौर अन्य जगहों से कट गया है। हिमपात होने के कारण क्षेत्र में बिजली और यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो चुकी है। इससे क्षेत्र में समाचार पत्र, दूध अंडे, ब्रेड और अन्य वस्तुओं की सप्लाई नहीं पहुंची। भारी हिमपात होने के कारण जनजातीय क्षेत्र में काफी ठंड हो गई है। इस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हिमपात के कारण भरमौर दर्जनों पंचायतों में दो दिन से विद्युत आपूर्ति ठप है। तहसील मुख्यालय में भी दिन भर बिजली के कट लगते रहे। इस कारण कारोबारियों समेत अन्य लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Related posts