पूर्व मेयर, पार्षदों के घर पर पत्थराव

पूर्व मेयर, पार्षदों के घर पर पत्थराव

धर्मशाला। विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद वीरवार रात नगर निगम के पूर्व मेयर एवं वर्तमान पार्षद देवेंद्र जग्गी, पार्षद नीनू शर्मा, कांग्रेस नेता चौधरी हरभजन सिंह के घर पर पत्थरबाजी हुई। देवेंद्र जग्गी, पार्षद नीनू शर्मा आदि ने शुक्रवार को धर्मशाला में प्रेस वार्ता में कहा कि आधी रात को उनके घर पर पथराव हुआ है। यह हमला राजनीति से प्रेरित है।

इस दौरान नगर निगम के मेयर ओंकार सिंह नैहरिया भी मौजूद रहे। जग्गी और अन्य पार्षदों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। पत्थरबाजी में घरों के शीशे-खिड़कियों को नुकसान पहुंचा है। तीन कांग्रेस नेताओं के घरों पर सीसीटीवी कैमरों में घटना कैद हुई है, वहीं चौथे मकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं थे। जग्गी ने बताया कि यह घटना वीरवार रात 1:39 बजे की है। फुटेज में दो पत्थरबाज दिख रहे थे। जग्गी का कहना है कि उन्होंने उनको पहचान लिया है। नीनू शर्मा ने बताया कि 1:54 बजे उनके घर पर पथराव हुआ। तीसरी घटना चौधरी हरभजन सिंह के भाई के घर पर मसरेहड़ गांव के पास अंजाम दी गई। वहां घर के शीशे टूटे हुए हैं।

एसएचओ धर्मशाला सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। पूर्व राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला में पहली बार इस तरह की घटना हुई है। पुलिस को आरोपियों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

Related posts