
मंडी। भाजपा जिला अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मुरलीधर यादव ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। प्रदेश कार्यकारिणी में जिला मंडी से अनुसूचित जाति का कोई भी सदस्य न लिए जाने के विरोध में मुरलीधर यादव ने यह कदम उठाया है। प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती को लिखे पत्र में मुरलीधर यादव ने कहा कि नई प्रदेश कार्यकारिणी में मंडी जिला के अनुसूचित जाति वर्ग की अनदेखी से वह आहत हुए हैं। हालांकि, उनका परिवार भाजपा से 1980 से जुड़ा हुआ है। वह भी 2001 में केंद्रीय मुख्य अध्यापक के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद पार्टी में शामिल हुए थे। उन्हें गुज्जर कल्याण बोर्ड का गैर सरकारी सदस्य मनोनीत किया गया था, मगर जो भी मांग उन्होंने रखी, उसमें से एक भी पूरी नहीं की गई। मुरलीधर यादव ने कहा कि बतौर जिला भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष उन्होंने जिले के सभी दस विस क्षेत्रों कार्यकारिणी गठित करने के अलावा जिला स्तर पर भी मोर्चा की कार्यकारिणी गठित की। इसके बावजूद पार्टी संगठन की ओर से बार-बार अपमानित किया गया। मुरलीधर यादव ने कहा कि छह अप्रैल को किसान भवन नेरचौक में आयोजित भाजपा स्थापना दिवस के दौरान भी उनकी अनदेखी की गई।