गोविंदपुर की समस्याएं हल नहीं होने पर रोष

अल्मोड़ा। उद्योग व्यापार मंडल गोविंदपुर ने कस्बे की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं होने पर रोष व्यक्त किया है। संगठन का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में जिलाधिकारी और सीएमओ को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई है।
संगठन के अध्यक्ष कैलाश चंद्र तिवारी, दिनेश सिंह बोरा, दर्शन सिंह भंडारी ने कहा है कि कस्बे की पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य आदि समस्याओं को लेकर पूर्व में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया था। गत माह जिलाधिकारी और सीएमओ को भी ज्ञापन दिए गए थे, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम और फार्मेसिस्ट की नियुक्ति नहीं की जा रही है। जिससे क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही है।
इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक की शाखा खोलने, सुलभ शौचालय की स्थापना समेत अन्य समस्याएं भी लंबित हैं। व्यापारियों का कहना है कि समस्याएं हल नहीं होने से व्यापारियों और ग्रामीणों को दिक्कतें हो रही हैं। यदि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो क्षेत्र के व्यापारी और ग्रामीण आंदोलन करेंगे।

Related posts