
पालमपुर (कांगड़ा)। उपमंडल पालमपुर में दिसंबर 2011 में गिरे बाईपास पुल की न्यायिक जांच की एक बार फिर शुरू हो गई है। इसकी जांच एसडीएम पालमपुर कर रहे हैं। हालांकि इस बाईपास पुल की जांच पूर्व में पालमपुर में रहे एसडीएम एवं वर्तमान डीसी हमीरपुर आशीष सिंहमार ने शुरू की थी। जो करीब पूरी भी हो गई थी। लेकिन उनका यहां से तबादला होने के बाद यह जांच पालमपुर के एसडीएम भूपेंद्र अत्री को सौंप दी गई थी। लेकिन हैरत की बात है कि दो साल में जांच ही पूरी नहीं हो पाई। लोग सवाल उठा रहे हैं कि और जांच पूरी होने में और कितने साल लगेंगे?
सूत्र बताते हैं कि इस पुल की फिर शुरू हुई न्यायिक जांच को लेकर एसडीएम ने अब लोक निर्माण विभाग (एनएच) से इसके पुराने सभी तथ्य मंगवा लिए हैं। इसमें वह पता लगाएंगे कि इस पुल के गिरने के क्या कारण रहे थे। एसडीएम ने इस बाबत विभागीय अधिकारियों से भी पूछताछ शुरू की है। जबकि पूर्व में हुई जांच में इस पुल के डिजाइन और सेटरिंग पर भी बातें उठी थीं। लेकिन इसका खुलासा अभी तक किसी ने नहीं किया है। प्रदेश में सत्तासीन कांग्रेस सरकार इस पुल की जांच को लेकर क्या कदम उठाती है, लोगों की नजरें इस बात पर भी टिक गई हैं। विभाग की क्वालिटी कंट्रोल टीम व पुलिस की एफएसएल की जांच के बाद गिरे पुल के कारणों को लेकर न्यायिक रिपोर्ट का इंतजार सबको है। उधर, एसडीएम भूपेंद्र अत्री ने कहा कि वह इसकी जांच कर रहे हैं। जल्द जांच की रिपोर्ट सरकार को सौंप दी जाएगी।
