आढ़तियों की मनमानी बर्दाश्त नहीं : बागवान

रोहड़ू। बागवानों ने सब्जी मंडी में आढ़तियों की मनमानी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश की सब्जी मंडियों में बागवानों के साथ लूट खसोट का आरोप पत्र बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स को सौंपा गया है। उन्होंने विदेश से सेब के आयात को रोकने के लिए भी बागवानी मंत्री के साथ दिल्ली तक चलने के लिए तैयार रहने को कहा है। हिमालयन एप्पल ग्रोवर इंडिया के प्रतिनिधिमंडल ने बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स को बताया कि आढ़ती प्रदेश की मंडियों में लूट खसोट पर उतर रहे हैं। बागवानों का प्रतिनिधिमंडल राजीव चौहान की अध्यक्षता में बागवानी मंत्री से मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेब की बिक्री दर होने से बागवानों को होगा। इसके विरोध में बागवान सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं। आढ़तियों ने मंडियों में बागवानों से मजदूरी के नाम पर 20 रुपये वसूली शुरू कर दी है। लोकल मंडियों में कई आढ़ती सेब बेचने के बाद बागवानों को भुगतान समय पर नहीं करते हैं। साल भर मेहनत के बाद बागवानों को सेब के भुगतान के लिए न्यायालय जाना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल में हिमालयन एप्पल ग्रोवर इंडिया के अध्यक्ष बलवंत जस्टा, लोकेंद्र रावत, संजय चौहान, बली राम रावत, नरेश झौहटा, प्रमोद सिथटा, आमी चंद खंडोलटा, नरेंद्र चौहान, भगम सिंह धांटा, राजेश धांटा उर्फ काशू धांटा, रणवीर झौहटा, शिव कुमार शर्मा, वनीत सरजोल्टा, रमेश सिथटा, नरेश सिथटा सहित कई लोग शामिल थे। इसी मामले में पहले प्रदेश फल एवं सब्जी उत्पादक संघ का प्रतिनिधिमंडल संयोजक सीएल नेगी की अध्यक्षता में बागवानी मंत्री से मिल चुका है। 25 जून को रोहड़ू में बागवानों ने भी इन मांगों को बागवानी मंत्री के सामने उठाया है। हिमालयन एप्पल ग्रोवर के पदाधिकारियों ने बताया कि बागवानी मंत्री ने प्रमुख विभागों के अधिकारियों को इस पर कार्रवाई के तुरंत मौके पर निर्देश दिए हैं।

Related posts