हिमाचल विस चुनाव की तारीखों का आज हो सकता है एलान, चुनाव आयोग की पीसी शुरू

हिमाचल विस चुनाव की तारीखों का आज हो सकता है एलान, चुनाव आयोग की पीसी शुरू

शिमला
Himachal Pradesh Election 2022 Election Commission PC Live News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा आज हो सकती है। आज दोपहर 3:00 बजे केंद्री चुनाव आयोग दिल्ली में प्रेसवार्ता करने जा रहा है। प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चुनाव आचार संहिता बहुत पहले लागू हो जानी चाहिए थी। जानें पल-पल के अपडेट्स…

लाइव अपडेट
02:28 PM, 14-OCT-2022
बड़ा चेहरा पीएम मोदी का ही होगा
यहां भाजपा अपने मौजूदा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के चेहरे पर ही चुनाव लड़ेगी। हालांकि, बड़ा चेहरा पीएम मोदी का ही होगा। जयराम ठाकुर के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंबेल सिंह कश्यप भी आगे हैं। वहीं, कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह की अगुआई में चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।
02:13 PM, 14-OCT-2022
2017 में चुनाव के दौरान भाजपा 44 सीटों पर जीत हासिल की थी
यहां कुल 68 विधानसभा सीटें हैं। 2017 में चुनाव के दौरान भाजपा 44 सीटों पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस को 21, सीपीआई (एम) को एक सीट मिली थी। दो निर्दलीय प्रत्याशी भी विधायक बने थे, जिन्होंने भाजपा सरकार को समर्थन दे दिया था। बाद में कुछ सदस्यों के निधन के बाद उपचुनाव भी हुए, जिसके बाद सियासी समीकरण में थोड़ा बदलाव हुआ।
01:50 PM, 14-OCT-2022
निर्वाचन आयोग ने बनाई स्क्रीनिंग कमेटी
वहीं, चुनाव को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है। समिति आदर्श आचार संहिता लागू होने की तारीख से अनुमति, स्पष्टीकरण के मामलों से संबंधित प्रत्येक प्रस्ताव की भारत निर्वाचन आयोग को भेजने से पहले जांच करेगी।कोई भी सरकारी विभाग अनुमति/स्पष्टीकरण के लिए मूल फाइल को सीईओ के कार्यालय में नहीं भेजेगा। इसके बजाय केवल स्क्रीनिंग कमेटी के माध्यम से ही भेजा जाएगा।
विज्ञापन
01:23 PM, 14-OCT-2022
कितनी सीटें किस वर्ग के लिए आरक्षित
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की 68 सीटें हैं। 2017 में 17 विधानसभा सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित थीं, जबकि तीन सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित थीं। राज्य में 48 विधानसभा सीटें सामान्य वर्ग के लिए थीं। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 44, कांग्रेस ने 21 और अन्य ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, वर्ष 2021 में कांग्रेस ने तीन विधानसभा सीटों के उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। इनमें अर्की, फतेहपुर व जुब्बल-कोटखाई विस सीट शामिल है।
12:48 PM, 14-OCT-2022
विस चुनाव के लिए मंडलीय आयुक्त बनाए सुगम्य पर्यवेक्षक
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने कहा कि राज्य निर्वाचन विभाग विशेष मतदाता की श्रेणी में आने वाले दिव्यांगजनों तथा वरिष्ठ मतदाताओं की विधानसभा चुनावों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रभावी कदम उठा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कांगड़ा, शिमला और मंडी के मंडलायुक्तों को सुगम्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। कहा कि सुगम्य पर्यवेक्षक विशेष श्रेणी के मतदाताओं के लिए चुनावी प्रक्रिया को सुलभ बनाने के लिए मतदान केंद्रों में उन्हें न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। यह प्रत्येक जिले के कम से कम तीन विधानसभा क्षेत्रों के न्यूनतम 10 मतदान केंद्रों का दौरा करेंगे।
12:32 PM, 14-OCT-2022
मतदाताओं में 2.21 फीसदी की वृद्धि, सुलह में सबसे ज्यादा
मतदाता सूची में 1,18,852 मतदाताओं की वृद्धि हुई है, जो 2.21 फीसदी है। मतदाता सूची को भी अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया गया है। अब तक राज्य में 67,532 सेवा मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। कांगड़ा जिले के सुलह विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 1,04,486 मतदाता हैं। लाहौल और स्पीति विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 24,744 मतदाता हैं। सभी मतदाता सूचियां वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से सूची में पंजीकृत अपने नाम का निरीक्षण कर सकते हैं। यदि सूची में उनका नाम नहीं है या बदलाव की आवश्यकता हो तो फार्म-6 और फ ार्म-8 के माध्यम से सुधार किया जा सकता है।

12:04 PM, 14-OCT-2022
प्रदेश में 1,63,925 नए मतदाता
मतदाताओं का लिंग अनुपात 978 से बढ़कर 981 हो गया है। 1,63,925 नए मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। 16 अगस्त 2022 को चुनाव विभाग ने मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशन के समय राज्य में 53,88,409 मतदाता पंजीकृत थे। फोटो मतदाता सूची के संशोधन के बाद मृत्यु, स्थानांतरण और पंजीकरण के दोहराव के कारण 45,073 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।
11:48 AM, 14-OCT-2022
आचार संहिता बहुत पहले लागू हो जानी चाहिए थी: मुकेश

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चुनाव आचार संहिता बहुत पहले लागू हो जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की ओर से संसाधनों व सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है। सरकारी कोष से रैलियों के लिए खर्चा किया गया और करीब 500 करोड़ रुपये खर्च किए गए। रैलियों में सरकारी मशीनरी व एचआरटीसी बसों का जमकर दुरुपयोग हुआ। दो-दो हजार बसें रैलियों के लिए इस्तेमाल की गईं और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। सत्ता में आने पर कांग्रेस इसकी समीक्षा करेगी।
11:32 AM, 14-OCT-2022
वर्ष 2017 में 13 अक्तूबर को हुई थी चुनाव की घोषणा
वर्ष 2017 में प्रदेश विधानसभा चुनाव 13 अक्तूबर को ही घोषित हुए थे। इसके साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता 13 अक्तूबर को लगी तो उस वक्त तय हुआ कि मतदान 9 नवंबर और मतगणना 18 दिसंबर को होगी। राज्य में नवंबर में अगर मतदान करवाने के लिए देरी हो जाए तो विधानसभा चुनाव करवाने में दिक्कत आती है, क्योंकि यहां ऊंचाई वाले क्षेत्र बर्फ से लकदक हो जाते हैं।
11:09 AM, 14-OCT-2022
Election Commission PC Live: आज हो सकता है हिमाचल विस चुनाव की तारीखों का एलान, चुनाव आयोग की पीसी शुरू
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा आज हो सकती है। आज दोपहर 3:00 बजे केंद्रीय चुनाव आयोग दिल्ली में प्रेसवार्ता करने जा रहा है। माना जा रहा है कि आयोग इस दौरान हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर सकता है। इसके साथ ही प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता भी लागू हो सकती है। प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं। प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार 55,07,261 मतदाता वोट डाल सकेंगे। निर्वाचन आयोग ने फोटोयुक्त मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। 18-19 साल के 69,781 मतदाता वोट डालेंगे। यानी ये नए वोटर होंगे। इनकी प्रतिशतता 46 से बढ़कर अब 75 फीसदी हो गई है। मतदाताओं का लिंग अनुपात 978 से बढ़कर 981 हो गया है। वोटरों में 27,80,208 पुरुष, 27,27,016 महिला और 37 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या बढ़कर 56001 हो गई है। इनमें 1470 की वृद्धि हुई है।

Related posts