मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के 75 सालों में पहली बार हुआ है कि जब संवैधानिक संस्थाओं ने खुद उनके कार्य में केंद्र सरकार के हस्तक्षेप का मामला उठाया है, चाहे वह सुप्रीम कोर्ट हो या फिर चुनाव आयोग।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके विपक्ष को दबाने की साजिश रच रही है। लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस आंदोलन कर रही है, अन्य विपक्षी दलों को भी इसमें अपनी आहुति देनी चाहिए। खासकर क्षेत्रीय दलों को एकजुट होना होगा।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री मंगलवार को सेक्टर-9 स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने पर क्षेत्रीय दलों को नसीहत दी कि जब देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेता पर सरकार मनमानी कार्रवाई कर सकती है तो क्षेत्रीय दलों को इस बारे में सोचना पड़ेगा और एकजुट होकर केंद्र सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी। हिमाचल के मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के 75 सालों में पहली बार हुआ है कि जब संवैधानिक संस्थाओं ने खुद उनके कार्य में केंद्र सरकार के हस्तक्षेप का मामला उठाया है, चाहे वह सुप्रीम कोर्ट हो या फिर चुनाव आयोग।