पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान गिरफ्तार, शीशे तोड़कर घुसे पाक रेंजर्स के जवान उन्हें उठा ले गए

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान गिरफ्तार, शीशे तोड़कर घुसे पाक रेंजर्स के जवान उन्हें उठा ले गए

Imran Khan Arrested Live News in Hindi : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया गया है कि उन्हें पाक रेंजर्स ने गिरफ्तार किया है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के अध्यक्ष इमरान खान को इस्लामाबाद हाई कोर्ट के बाहर गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई पाकिस्तान रेंजर्स की ओर से की गई है। इमरान जब अल-कादिर ट्रस्ट मामले में पेशी के लिए हाईकोर्ट पहुंचे, तभी उन्हें पाक रेंजर्स ने अपनी गिरफ्त में ले लिया।

लाइव अपडेट

08:25 PM, 09-MAY-2023
पाक गृह मंत्री ने कही यह बात
पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने मंगलवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को भ्रष्टाचार के एक मामले में राष्ट्रीय खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सनाउल्लाह ने कहा कि अल-कादिर ट्रस्ट मामले में एनएबी (राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो) ने उनकी गिरफ्तारी की है। गिरफ्तारी गुण-दोष के आधार पर की गई है और वह भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी की हिरासत में हैं।
08:24 PM, 09-MAY-2023

इमरान पर 140 से अधिक मामले दर्ज
इमरान की गिरफ्तारी के दौरान अदालत में मौजूद बैरिस्टर गौहर खान ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री को प्रताड़ित किया गया। उन्होंने इमरान के सिर और पैर पर वार किया। गिरफ्तारी के दौरान उनकी व्हीलचेयर भी फेंक दी गई। इमरान खान वर्तमान में आतंकवाद, ईशनिंदा, हत्या, हिंसा, हिंसा के लिए उकसाने से संबंधित 140 से अधिक मामलों का सामना कर रहे हैं।

08:23 PM, 09-MAY-2023

पूर्व मंत्री मजारी ने शहबाज सरकार को घेरा
पूर्व मंत्री मजारी ने कहा कि कौन सा कानून? न्यायालयों पर रेंजरों द्वारा हमला किया गया जैसे कि एक कब्जे वाली भूमि पर हमला कर रहे हों- वकीलों और उच्च न्यायालय के कर्मचारियों को भी पीटा गया। यह आज का पाकिस्तान है- एक फासीवादी देश है, जहां अर्धसैनिक बलों द्वारा उच्च न्यायालय पर हमला किया गया। पार्टी ने आरोप लगाया कि इमरान खान को प्रताड़ित किया जा रहा है, लेकिन स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

08:21 PM, 09-MAY-2023
इमरान रावलपिंडी में एनएबी कार्यालय स्थानांतरित
इमरान खान के समर्थकों ने उनकी गिरफ्तारी के खिलाफ विभिन्न शहरों में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। पार्टी कार्यकर्ता कराची में पीटीआई के मुख्य कार्यालय इंसाफ हाउस, पेशावर और लाहौर में एकत्रित होने लगे हैं। रावलपिंडी और इस्लामाबाद की सड़कों पर भी कार्यकर्ताओं के देखे जाने की खबरें हैं। कहा जा रहा है कि हिंसक घटनाओं में चार बच्चों को चोटें आई हैं। ऐसा कहा गया कि इमरान खान को रावलपिंडी में एनएबी कार्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उनकी चिकित्सीय जांच की गई। हालांकि, पीटीआई नेता फवाद चौधरी ने दावा किया कि खान को अज्ञात स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है।
07:36 PM, 09-MAY-2023

कोर्ट ने सुरक्षित रखा फैसला
इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने इमरान खान की गिरफ्तारी पर फैसला सुरक्षित रख लिया है। इससे पहले इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख और अन्य को अदालत में पेश होने और यह बताने का आदेश दिया कि खान को अदालत से क्यों गिरफ्तार किया गया। उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश आमेर फारूक ने कहा कि वह संयम बरत रहे हैं और चेतावनी दी कि अगर इस्लामाबाद पुलिस प्रमुख अदालत में पेश नहीं हुए तो वह प्रधानमंत्री को समन करेंगे। न्यायमूर्ति फारुक ने कहा कि अदालत आकर हमें बताइए इमरान को क्यों और किस मामले में गिरफ्तार किया गया। इसके बाद इस्लामाबाद के पुलिस महानिरीक्षक पेश हुए और अदालत को बताया कि खान को एनएबी ने गिरफ्तार किया है और उनके गिरफ्तारी वारंट की एक प्रति भी पेश की।

07:10 PM, 09-MAY-2023
पूरे पाकिस्तान में बवाल
रावलपिंडी में सेना के हेडक्वार्टर पर इमरान समर्थकों पर धावा बोल दिया। लाहौर आर्मी कैंट और कोर कमांडर के घर पर भी बवाल मचा हुआ है। कई जगह आंसू गैस के गोले का भी इस्तेमाल करना पड़ा है। पेशावर में भी पीटीआई समर्थकों का प्रदर्शन हिंसक हो चुका है।
06:58 PM, 09-MAY-2023
लाहौर में भी सड़कों को जाम किया
पीटीआई कार्यकर्ताओं ने लाहौर में भी सड़कों को जाम कर दिया और प्रदर्शन किया। इस्लामाबाद पुलिस ने महानिरीक्षक (आईजी) अकबर नासिर खान के हवाले से एक बयान में कहा गया कि इस्लामाबाद में स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा कि संघीय राजधानी में धारा 144 लागू कर दी गई है और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
06:58 PM, 09-MAY-2023
बायोमेट्रिक प्रक्रिया के दौरान इमरान को गिरफ्तार किया
पार्टी की वरिष्ठ नेता शिरीन मजारी के अनुसार, लाहौर से संघीय राजधानी इस्लामाबाद आए पीटीआई प्रमुख खान अदालत में बायोमेट्रिक प्रक्रिया से गुजर रहे थे, तभी अर्धसैनिक बल के जवानों ने कांच की खिड़की को तोड़ दिया और वकीलों तथा खान के सुरक्षा कर्मचारियों की पिटाई करने के बाद उन्हें (खान को) गिरफ्तार कर लिया। इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद इस्लामाबाद में धारा 144 लागू कर दी गई है, क्योंकि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर में प्रदर्शन किया और दंगे जैसी स्थिति पैदा कर दी।
06:56 PM, 09-MAY-2023

इस्लामाबाद में निषेधाज्ञा लागू
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मंगलवार को अर्धसैनिक बलों द्वारा गिरफ्तार कर लिए जाने के बाद उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के कार्यकर्ताओं ने इस्लामाबाद में प्रदर्शन और हंगामा किया। इसके बाद पाकिस्तान पुलिस ने शहर में निषेधाज्ञा लागू कर दी। इस्लामाबाद पुलिस ने कहा कि देश की राजधानी में हिंसा की कोई घटना नहीं हुई है।

05:51 PM, 09-MAY-2023
सात सदस्यीय मेडिकल बोर्ड गठित
पाकिस्तान के पूर्व पीएम और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान खान को मेडिकल जांच के लिए इस्लामाबाद के पॉली क्लिनिक लाया गया। इसके लिए सात सदस्यीय मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है।
04:53 PM, 09-MAY-2023

कोर्ट में सुनवाई
इमरान की गिरफ्तारी को लेकर इस्लामाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान चीफ जस्टिस ने पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आज जो हुआ, वह अक्षम्य है। मैं इसकी तह तक जाऊंगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं फेर सकते। सब कुछ कानून के मुताबिक होना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम किसी को भी नहीं बख्शेंगे। कोर्ट से आईजी ने कहा कि NAB के पास गिरफ्तारी का वारंट था। वारंट की कॉपी कोर्ट के सामने पेश कर दी गई है। इस पर इमरान के वकील ने कहा कि गिरफ्तारी पूरी तरह से गैर कानूनी है।

04:32 PM, 09-MAY-2023

आईएसआई पर लगाए थे गंभीर आरोप
हाल ही में इमरान ने आईएसआई के अफसर फैसल नसीर पर आरोप लगाए थे कि वजीराबाद में उनकी हत्या की साजिश रची गई थी। पाकिस्तानी सेना ने इन आरोपों का खंडन किया था। इसके बाद सोमवार को ही इमरान ने एक वीडियो जारी कर फिर से आरोप दोहराए थे। इसके करीब चार घंटे बाद ही उन्हें अदालत से गिरफ्तार कर लिया गया।

04:32 PM, 09-MAY-2023

प्रदर्शन की आशंका के मद्देनजर धारा 144 लागू 
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को दोपहर करीब तीन बजे इस्लामाबाद हाईकोर्ट से गिरफ्तार किया गया। इमरान खान दो मामलों में जमानत के लिए हाईकोर्ट पहुंचे थे। IG अकबर खान ने कहा कि कादिर ट्रस्ट केस में इमरान को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पार्टी के प्रदर्शन की आशंका के मद्देनजर धारा 144 लागू कर दी गई है।

04:11 PM, 09-MAY-2023

पार्टी नेताओं ने किए कई दावे
पीटीआई के एक और नेता अजहर मसवानी ने आरोप लगाया कि रेंजर्स द्वारा अदालत के अंदर से 70 वर्षीय इमरान खान का अपहरण किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने देश भर में प्रदर्शन का तत्काल आह्वान किया है। पार्टी के एक अन्य नेता ने ट्विटर पर वीडियो संदेश में कहा कि वे इमरान खान को प्रताड़ित कर रहे हैं। वे खान साहब को पीट रहे हैं। उन्होंने खान साहब के साथ कुछ किया है।

03:48 PM, 09-MAY-2023

रेंजर्स ने कोर्ट की खिड़कियां तोड़ दीं
पाकिस्तान की मीडिया के हवाले से बताया गया कि रेंजरों ने इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को गिरफ्तार करने के लिए खिड़कियां तोड़ दीं।

Related posts