शाहपुर में सैनिक रेस्ट हाउस खोलने का करेंगे प्रयास

धर्मशाला। वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को ग्राम पंचायत भनियार के ठेडू में सामुदायिक भवन जनता को समर्पित किया। उन्हाेंने कहा कि वर्तमान सरकार क्षेत्र के विकास के लिए कृतसंकल्प है तथा विकास कार्यों के लिए किसी भी प्रकार से धन की कमी आड़े नहीं आएगी। बेरोजगार युवाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए आरंभ की गई कौशल विकास भत्ता योजना काफी मददगार साबित हो रही है। शाहपुर क्षेत्र से संबंधित सैनिकों और उनके परिवारों की सुविधा के लिए क्षेत्र में सैनिक विश्राम गृह तथा कैंटीन खोलने का प्रयास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को छतड़ी से भनियार संपर्क मार्ग की मरम्मत के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों की घरेलू गैस की समस्या को देखते हुए उन्होंने शाहपुर गैस एजेंसी के प्रबंधक को क्षेत्र में गैस सप्लाई सुचारु करने के भी निर्देश दिए और क्षेत्र में माह के दूसरे शनिवार को गैस सप्लाई करने को कहा। पंचायत प्रधान नीना ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा क्षेत्र की समस्याओं के बारे में अवगत करवाया। इस अवसर पर निदेशक सामान्य उद्योग देवदत्त शर्मा, कांग्रेस अध्यक्ष सुशील शर्मा, पंचायत समिति के सदस्य सरिता सैनी, प्रधान ग्राम पंचायत ढडंब मधु बाला, गद्दी कल्याण बोर्ड के निदेशक अजय बबली, पूर्ण चंद, मनीष पटियाल, सुरेंद्र कुमार, संतोष कुमारी के अलावा गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related posts