
फतेहपुर (कांगड़ा)। शाहनहर का सर्किल आफिस फतेहपुर से ऊना शिफ्ट करने के प्रदेश सरकार के फैसले का फतेहपुर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है। पूर्व प्रत्याशी बलदेव चौधरी, मंडलाध्यक्ष कैप्टन चैन सिंह, किसान मोर्चा अध्यक्ष कैप्टन ध्यान सिंह, जिप उपाध्यक्ष जगदेव सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष मनोज धीमान, भाजयुमो जिलाध्यक्ष कर्ण गुलेरिया, पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिला संयोजक करतार पठानिया, प्रवीण राणा, प्रदेश भाजयुमो सदस्य बलकार जरियाल, संजय राणा, मंडल महामंत्री सुभाष धीमान, मुनीश शर्मा, पवन चंबयाल और अजय पठानिया ने चेताया कि प्रदेश सरकार के इस फैसले को कतई सहन नहीं किया जाएगा और फतेहपुर भाजपा किसानों के हित की लड़ाई के लिए सड़कों पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेगी। अभी तक शाहनहर परियोजना का कार्य पूरा नहीं हुआ है और ऐसे में सर्किल आफिस को अन्यत्र शिफ्ट करने का कोई औचित्य ही नहीं बनता है। इन नेताओं ने हैरानी जताते हुए कहा कि जहां प्रदेश सरकार सर्किल आफिस को शिफ्ट करने का आदेश जारी कर चुकी है और हलके के विधायक एवं मंत्री सुजान सिंह पठानिया ने इस निर्णय पर कोई प्रतिक्रिया तक व्यक्त नहीं की है। इस निर्णय से जहां किसान वर्ग आहत है, वहीं विभागीय कर्मचारी और ठेकेदार वर्ग भी पसोपेश में है।
