
हमीरपुर। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के गठन के पश्चात पहली बार हमीरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का हमीरपुर वासियों ने जोरदार स्वागत किया। हमीरपुर जिला की सीमा में विभिन्न स्थानों पर जिला वासियों तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ मुख्यमंत्री का इस्तकबाल किया। हमीरपुर परिधि गृह में भी मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए कार्यकर्ता काफी संख्या में उपस्थित थे। हमीरपुर जिला की सीमा पर पहुंचने पर प्रशासन की ओर से नव नियुक्त उपायुक्त आशीष सिंघमार ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का स्वागत किया। उनके साथ पुलिस अधीक्षक मधु सूदन, एडीसी राजेश्वर गोयल, एसडीएम हमीरपुर कुमुद सिंह, एसडीएम बड़सर ओपी ठाकुर, वन विभाग से प्रदीप ठाकुर, सीएमओ डा. शशि सोनी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री का ऊखली, डिडवीं टिक्कर, कोहली, दोसड़का, हमीरपुर परिधि गृह में भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने नादौन मेें क्रांतिकारी इंद्र पाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। हमीरपुर की सीमा पर बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, राजेंद्र जार, जिप सदस्य यशवीर पटियाल, अनिल वर्मा, प्रेम कौशल ने स्वागत किया। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश रानी, रणजीत सिंह वर्मा, कुलदीप पठानिया, विधि चंद लगवाल, बृज मोहन सोनी, नरेंद्र ठाकुर, शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष बाबू राम राही, डा. रमेश डोगरा, सुरेश कुमार, सुमित शर्मा, नीरज ठाकुर, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुमन भारती, तेजनाथ के अतिरिक्त गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
नेताओं ने अलग-अलग किया स्वागत
हमीरपुर। हमीरपुर जिला के कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री के स्वागत के साथ ही नजदीकी साबित करने का भी प्रयास किया। यही कारण था कि हमीरपुर जिला की सीमा से हमीरपुर शहर पहुंचने तक नेताओं ने अलग-अलग स्वागत किया। इसमें वरिष्ठ और कनिष्ठ दोनों ही तरह के नेता शामिल थे। यही कारण था कि कार्यकर्ताओं, नेताओं ने एक साथ मुख्यमंत्री का स्वागत करने के बजाय अलग-अलग कार्यक्रम रखे थे।
जिला अध्यक्ष को खोजती रही निगाहें
हमीरपुर। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के हमीरपुर के कुछ देर के प्रवास के दौरान नजरें जिला कांग्रेस अध्यक्ष को ढूंढती दिखीं। जिला अध्यक्ष की अनुपस्थिति को लेकर चर्चाएं भी सुनने को मिलीं। मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष उपस्थित नहीं थे। पूरा दिन मोबाइल भी स्विच आफ रहा।