
थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की 40 सहकारी सभाओं में मार्च माह का सस्ता राशन न मिलने से हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। महंगाई के दौर में उन्हें राशन के लिए बाजार में जेब ढीली करनी पड़ रही है। जानकारी के मुताबिक इस माह सरकार की ओर से दिए जाने वाले सस्ते राशन के कोटे से चना दाल, उड़द, रिफाइंड गायब है। डिपुओं में मात्र चीनी देकर ही काम चलाया जा रहा है। अन्य जरूरत की चीजों से उपभोक्ताओं को महरूम रखा जा रहा है। ग्रामीणों में सूरम सिंह ठाकुर, अजीत कुमार, सुमित शर्मा, पंकज शर्मा, राजेंद्र ठाकुर, मस्त राम, आशा देवी, अश्वनी कुमार, सत्यदेव, विपिन कुमार का कहना है कि डिपो में सस्ता राशन न मिल पाने से उन्हें बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीदना पड़ रहा है। इस समय उपमंडल में करीब चालीस सहकारी सभाएं क्षेत्र के लोगोें को राशन उपलब्ध करवा रही हैं। इससे पहले उपमंडल की कई सहकारी सभाओं में दो माह का चीनी का कोटा उपभोक्ताओं को नहीं मिल पाया था। अव्यवस्था के चलते ग्रामीणों में सिविल सप्लाई कारपोरेशन की कार्यप्रणाली के प्रति रोष पनपने लगा है। आरोप है कि कभी डिपुओं में चीनी नहीं मिलती तो कभी सारा राशन ही नहीं मिल पा रहा है। इनका कहना है कि राशन के लिए डिपुओं के कई चक्कर काट चुके हैं, लेकिन सेल्समैन की ओर से उन्हें राशन मिलने की तिथि नहीं बताई जा रही है। पहले उपभोक्ताओं को सहकारी सभाओं में मिलने वाले राशन में दो लीटर सरसों का तेल भी दिया जाता था, लेकि न पूर्व सरकार ने इसे बंद कर दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें एक मार्च तक राशन का कोटा मिल जाता था, लेकिन इस बार उन्हें सस्ता राशन नहीं मिल पाया है।
अभी तक नहीं आई सप्लाई : संसार चंद
सिविल सप्लाई कार्पोरेशन बंगाणा के इंचार्ज संसार चंद परमार का कहना है कि अभी तक राशन की सप्लाई नहीं पहुंच पाई है। सप्लाई आते ही राशन सहकारी सभाओं में पहुंचा दिया जाएगा।
पूरे प्रदेश में चल रही समस्या : नियंत्रक
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक संतोष कुमार व्यास का कहना है कि यह समस्या इन दिनों पूरे सूबे में चल रही है। एक सप्ताह तक इस समस्या का हल निकल जाएगा। उपभोक्ताओं को नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराया जाएगा।