हजारों की सुरक्षा 19 कर्मियों के भरोसे

आनी (कुल्लू)। आनी में जनता की सुरक्षा और बेहतर कानून व्यवस्था राम भरोसे है। यहां पुलिस थाना में स्टाफ की भारी कमी है। आनी ब्लाक की 32 पंचायतों की करीब 63 हजार लोगों की सुरक्षा के लिए वर्तमान में यहां सिर्फ 19 पुलिस कर्मी तैनात हैं। डीएसपी समेत तेरह पुलिस कर्मियों के पद खाली पड़े हुए हैं।
सुरक्षा की दृष्टि से आनी की करीब साढ़े तीन हजार आबादी पर मात्र एक पुलिस कर्मचारी तैनात है। वैसे तो आनी थाना में डीएसपी समेत कुल 32 पुलिस कर्मियों के पद स्वीकृत हैं। लेकिन, कई सालों से यहां 13 कर्मियों के पद रिक्त चल रहे हैं। डीएसपी का पद तीन सप्ताह से खाली है। इससे हर तरह के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ट्रैफिक व्यवस्था भी यहां कैसे दुरुस्त रह सकती है। ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए यहां पांच कर्मियों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में यहां एकमात्र कांस्टेबल मौजूद है। थाना में चालक तक तैनात नहीं है। इतने रिक्त पदों को देखकर साफ पता चलता है कि आनी ब्लाक में सुरक्षा व्यवस्था कैसे दुरुस्त रहेगी? आनी के लोगों ने सरकार से सुरक्षा की दृष्टि के मद्देनजर रिक्त पड़े सभी पदों को भरने की मांग की है। पुलिस थाना प्रभारी रोहित मृगपुरी ने दावा किया कि स्टाफ के अभाव के बावजूद पुलिस बढ़िया काम कर रही है। पुलिस की ओर से किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जा रही है। कुल्लू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप धवल का कहना है कि आनी पुलिस थाना में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। जल्द सभी पद भर दिए जाएंगे।

Related posts