स्वागत के बहाने शक्ति प्रदर्शन

सोलन। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. धनीराम शांडिल के स्वागत के बहाने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुली जीप में शक्ति प्रदर्शन किया। करीब 11:30 बजे वह सपरून चौक सोलन पहुंचे। वहां पर कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनका पारंपरिक वाद्य यंत्रों और फूल मालाओं से स्वागत किया। उसके पश्चात वह डीसी चौक सोलन पहुंचे। वहां सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
उसके बाद खुली जीप में बैंडबाजे के साथ वह मुरारी मार्केट सोलन में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मालरोड पर उपस्थित लोगों का अभिनंदन स्वीकार किया। जीप में उनके साथ जिला अध्यक्ष राहुल सिंह ठाकुर, अर्की कांग्रेस प्रत्याशी संजय अवस्थी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पहले कंडाघाट और सलोगड़ा में भी उनका जोरदार स्वागत किया गया।

दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आगमन के समय करीब दो घंटे तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान पुराने बस अड्डे से लेकर सपरून चौक तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। वाहनों को बस अड्डे से सपरून चौक पर पहुंचने में करीब आधे घंटे का समय लगा। इस दौरान पुलिस को यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने में काफी मश्क्कत का सामना करना पड़ा। प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री के मुरारी मार्केट में पहुंचने के बाद यातायात सुचारु हो सका।

Related posts