
दुलैहड़ (ऊना)। टाहलीवाल से बाथड़ी तक स्वां चैनलाइजेशन के लिए 10 करोड़ जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा बीत क्षेत्र के खेतों की प्यास बुझाने के लिए चालू वित्तीय वर्ष के बजट में 8 करोड़ का प्रावधान किया गया है। यह बात उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कही। बताया कि दुलैहड़ में भव्य स्टेडियम के निर्माण के लिए 1 करोड़ 5 लाख 33 हजार की राशि मंजूर की गई है, जिसमें से 30 लाख की पहली किस्त जारी कर दी गई है। पांच साल तक पूर्व भाजपा सरकार ने इस स्टेडियम में एक ईंट तक नहीं लगाई और जहां वह काम छोड़कर गए थे, वहीं पर अटका रहा। दुलैहड़ में गुरु रविदास का भव्य मंदिर भी बनाया जाएगा। बाथू से पानी उठाकर अमराली पहुंचाया जाएगा। बीत एरिया के लिए दो प्राइवेट एंबुलेंस प्रदान की जाएंगी। इनमें एक दुलैहड़ में रहेगी और दूसरी संत बाबा ढांगूवाला अस्पताल को दी जाएगी। सिंगा में 200 करोड़ से फूड पार्क भी स्थापित होगा।