
शाहतलाई (बिलासपुर)। तलाई थानांतर्गत बरठीं बाजार में दोपहिया वाहन की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बरठीं अस्पताल से उसे बिलासपुर भेज दिया गया। वहां से भी उसे आगे रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दोपहिया वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है।
घटना गत सोमवार की है। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह के समय बरठीं निवासी पुष्पा पत्नी सुंदरराम घर से बरठीं बाजार की ओर जा रही थी। बरठीं चौक पर वह पीछे से आ रहे एक स्कूटर की चपेट में आने से नीचे गिर गई। स्कूटर सवार रणजीत सिंह ने महिला को उठाया। बाहरी तौर पर महिला को अधिक चोट नजर न आने पर वह चला गया। अलबत्ता उसके बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। ऐसे में उसे तत्काल बरठीं अस्पताल ले जाया गया। स्थिति बिगड़ते देख बरठीं से चिकित्सकाें ने उसे बिलासपुर रेफर कर दिया। इतना ही नहीं, पुष्पा को बिलासपुर से भी किसी अन्य अस्पताल में भेज दिया गया है।
सोमवार शाम करीब सात बजे बरठीं निवासी अभिषेक ने तलाई थाना में घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराआें के तहत रणजीत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। स्कूटर को भी कब्जे में ले लिया है। घुमारवीं के डीएसपी अंजनी जसवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।