सूमो पेड़ से टकराई, चालक समेत पांच घायल

पालमपुर (कांगड़ा)। कालू दी हट्टी के पास एक टाटा सूमो के पेड़ से टकराने पर पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों में चार महिलाएं व चालक है। चालक की गंभीर हालत को देख उसे टांडा रेफर कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह मनियाड़ा में स्कूल टीचर तैनात चार महिलाएं एक टाटा सूमो में सवार होकर स्कूल जा रहीं थी। जब टाटा सूमो कालू दी हट्टी के थोड़ा ऊपर पहुंची तो वह एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में इसमें बैठीं अनीता कुमारी, बीवा सूद, बीना कौशल, माला शर्मा व चालक अरविंद घायल हो गए। सभी को पालमपुर अस्पताल लाया गया। चालक अरविंद की गंभीर हालत को देख उसे टांडा रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी सरवन सिंह ने कहा कि पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।

Related posts