
हिमाचल प्रदेश में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत सिर्फ एक अपात्र महिला मिली है। इस महिला से 4500 रुपये की राशि वापस ली गई है। विधानसभा सदन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने लिखित में यह जानकारी दी। कहा कि इस महिला को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत विधवा पेंशन मिल रही है। भाजपा विधायक सुखराम चौधरी, विनोद कुमार, जीतराम कटवाल, विपिन सिंह परमार और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर की ओर से यह सवाल पूछा गया था। शांडिल ने बताया कि योजना के तहत 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को सुख सम्मान निधि देने का फैसला लिया गया है। जनवरी से नवंबर 2024 तक योजना के तहत कुल 808045 महिलाओं के आवेदन प्राप्त हुए। 44924 पात्र महिलाओं को सुख सम्मान निधि के तहत 1500-1500 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार प्रदेश में महिलाओं की संख्या 33,82,729 है।