सुअरों के हमले से महिला घायल

मंडी। शहर के साथ लगती द्रंग क्षेत्र की पंचायत तुंग के अरढा गांव में एक वृद्ध महिला पर जंगली सुअरों ने हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। महिला को घायलावस्था में क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। ग्राम पंचायत तुंग के प्रधान मान सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह सात बजे अरढा गांव की 70 वर्षीय द्रुमती देवी पत्नी स्व. तारा चंद अपनी गौशाला की ओर पशुओं की देखभाल के लिए जा रही थीं। इतने में पीछे से जंगली सुअरों ने उन पर हमला कर दिया। द्रुमती देवी सुअरों के हमले से रास्ते के एक ओर गिर गई। इससे उनकी पीठ, टांगों और बाजू में चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। तुंग पंचायत के प्रधान मान सिंह ने वन विभाग से मांग की है कि जंगली सुअरों के हमले से घायल वृद्ध महिला द्रुमती देवी की आर्थिक मदद की जाए। उनका इस उम्र में कोई भी कमाने वाला नहीं है। इधर, वन परिक्षेत्र अधिकारी सदर यशवंत ने बताया कि मामले की तहकीकात करके घायल महिला की मदद की जाएगी।

Related posts