
चंपावत/लोहाघाट। प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हरहाल में सितंबर में संपन्न हो जाएंगे क्योंकि वर्तमान पंचायतों का कार्यकाल 20 सितंबर को पूरा हो रहा है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में निकाय चुनाव की तरह लेटलतीफी नहीं होगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त हरीश चंद्र जोशी ने रविवार को कलक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक में पंचायत चुनाव की तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित शेष काम जल्दी से पूरे किए जाएं और रिटर्निंग आफीसर (आरओ) और सहायक रिटर्निंग आफीसर को गहन प्रशिक्षण दिया जाए। इनकी सूची आयोग को उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराए जाएंगे। बैठक में जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी जेके तिवारी, अपर जिलाधिकारी दीप्ति सिंह, उपजिलाधिकारी डा. अभिषेक त्रिपाठी, प्रत्यूष कुमार, जसवंत सिंह राठौर, तहसीलदार एके सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बीसी श्रीवास्तव समेत सभी खंड विकास अधिकारी मौजूद थे।
लोहाघाट में निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि पंचायत चुनाव की अधिसूचना जुलाई अंतिम सप्ताह में जारी कर दी जाएगी। आयोग ने सूबे में ग्राम पंचायतों का परिसीमन पूरा कर लिया है और क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत का परिसीमन कार्य शीघ्र पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि सूबे में 65 लाख मतदाता हैं, जिसमें से 16 लाख मतदाताओं ने नगर निकायों में मतदान किया है। शेष पंचायतों के लिए वोट डालेंगे। लोहाघाट में अफसरों से मुलाकात के बाद वह चंपावत को रवाना हो गए।
