
रामपुर बुशहर। अराजपत्रित कर्मचारी संघ रामपुर इकाई के चुनाव को जय दयाल मेहता की कार्यकारिणी ने असंवैधानिक करार दिया है। इसके लिए महासंघ ने शुक्रवार को एक बैठक कर महासंघ के विरुद्ध चुनाव करवाने वाले सात कर्मचारी नेताओं को भी महासंघ के बाहर का रास्ता दिखा दिया है। पूर्व में कर्मचारी नेताओं के एक गुट ने आरोप लगाया था कि वर्तमान कार्यकारिणी कर्मचारियों के लिए कुछ नहीं कर पा रही है। इसके चलते महासंघ की कार्यकारिणी के चुनाव जल्द से जल्द होने चाहिए। कर्मचारियों की इस मांग को ध्यान में रख कर महासंघ की बैठक बुधवार को बुलाई गई, जिसमें सभी कर्मचारियों ने विचार रखे। इसके बाद तय हुआ कि चुनाव तय समय पर ही होंगे। लेकिन, बैठक होने के बाद कुछ कर्मचारियों ने अपने फायदे के लिए चुनाव करवाए, जो असंवैधानिक हैं।
महासंघ के प्रधान जय दयाल ने बताया कि महासंघ के विरुद्ध काम करने के कारण कार्यकारिणी से मुख्य सलाहकार रोशन भारती, उप प्रधान सुरेंद्र कौर, कार्यालय सचिव ललित भारती, सह सचिव जोगिंद्र सिंह, सह सचिव केवल राम, मोहन लाल गौतम तथा मुख्य संगठन सचिव उधम सिंह को कार्यकारिणी के बाहर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि रोशन भारती के स्थान पर डीडी शुक्ला को मुख्य सलाहकार बनाया गया है। जबकि, मुख्य संगठन सचिव उधम सिंह का अतिरिक्त कार्यभार वीना भारती को दिया गया है। उन्होंने कहा कि अन्य पदों पर भी जल्द नियुक्ति कर दी जाएगी।