समर्पण को जीवन का आधार बनाकर आगे बढ़ें

रानीखेत। ताड़ीखेत विकासखंड के मवड़ा गांव में युवा योग शिविर शुरू हो गया है। पंजाब से आए सूर्य क्रिया विशेषज्ञ स्वामी सुपेंदु पुरी महाराज ने पहले दिन युवाओं को संजीवनी क्रिया का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि संजीवनी क्रिया से मनुष्य के मस्तिष्क का विकास होता है। युवाओं के लिए यह क्रिया सटीक है। बाद में योग अपनाकर कैसे स्वस्थ रहा जा सकता है पर परिचर्चा भी हुई। समर्पण को जीवन का आधार बनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।
मवड़ा ग्राम विकास समिति के तत्वावधान में मवड़ा गांव में 10 दिवसीय युवा योग शिविर शुरू हुआ। स्वामी सुपेंदु पुरी महाराज ने कहा कि मस्तिष्क के विकास के लिए संजीवनी क्रिया आवश्यक है। दिल्ली विश्वविद्यालय से आईं शिवा पांडे और डा. दिव्या पांडे ने युवाओं से वार्तालाप कर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के गुर सिखाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा अच्छी होगी तो भविष्य उज्ज्वल होगा। योग से कैसे निरोग रहा जा सकता है विषय पर ग्रामीणों के साथ योग क्रिया विशेषज्ञों की परिचर्चा हुई। जप के द्वारा मन को केंद्रित करने के भी तरीके बताए गए। सायंकाल चार से छह बजे तक प्राणायाम और ध्यान कराया गया। आयोजक पूर्व राजदूत चंद्रमोहन भंडारी, कमल पांडे आदि ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में आकर इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

Related posts