बनबसा। शारदा बैराज और नदी क्षेत्र में शनिवार से मानसूनी रेड अलर्ट घोषित हो गया है, जो 15 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इस अवधि में शारदा क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। नदी तट के सब्जी उत्पादकों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान में जाने के निर्देश दिए गए हैं।
मानसून काल शुरू होते ही शारदा में आज से रेड अलर्ट लागू हो गया है। इस अवधि में नदी के जल स्तर पर निगरानी रख बैराज कंट्रोल रूम हर घंटे जलस्तर की रिपोर्ट उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश प्रशासन को देगा। मानसून काल में नदी क्षेत्र, बैराज पर रेड अलर्ट के नियम ब्रिटिश काल के हैं। शारदा हेडवर्क्स के एसडीओ आरपी सिंह यादव ने बताया कि शारदा नदी का जलस्तर एक लाख क्यूसेक से अधिक होने पर बैराज पर वाहनों, रिक्शा, तांगों के गुजरने पर रोक लगा दी जाती है। उन्होंने बताया कि 15 जून से 15 अक्टूबर तक शारदा नदी के जलस्तर पर विभाग लगातार नजर रखता है। गौरतलब है कि 6 लाख क्यूसेक पानी क्षमता सहने वाले शारदा बैराज से 21 अगस्त 1934 में 5 लाख 22 हजार क्यूसेक पानी प्रवाहित हो चुका है, जो अपने आप में अब तक का रिकार्ड जल स्तर है।