कुल्लू। मंडी लोकसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के कई नेताओं की साख दांव पर लगी है। दोनों दलों के नेता उपचुनाव में अपनी पार्टी के प्रत्याशी को बढ़त दिलाकर अपने कद को बढ़ाने की फिराक में हैं। वर्तमान समय में कुल्लू और लाहौल – स्पीति की पांच सीटों में से तीन कांग्रेस, एक भाजपा और एक हिलोपा के कब्जे में है।
बंजार के विधायक कर्ण सिंह, आनी के विधायक खूबराम और लाहौल-स्पीति के विधायक रवि ठाकुर पर मंडी लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को बढ़त दिलाने की जिम्मेदारी है। इसके अलावा नौ हजार से ज्यादा मतों से विस चुनाव जीते कर्ण सिंह के समक्ष अपनी लीड को बरकरार रखने की चुनौती है।
बंजार से पूर्व मंत्री खीमीराम की खास भी दांव पर है। उन पर भी भाजपा प्रत्याशी को जीत दिलाने की जिम्मेदारी है। मनाली के भाजपा विधायक एवं जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह भी अधिक से अधिक लीड दिलाने को लेकर प्रयासरत हैं। गोविंद सिंह इस उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को बढ़त दिलाने में जुटे हैं। इसके अलावा मनाली ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़ पर भी कांग्रेस को बढ़त दिलाने की जिम्मेदारी है।
कुल्लू विस चुनाव से भाजपा प्रत्याशी रहे राम सिंह पर भी भाजपा को बढ़त दिलाने का जिम्मा है। इसके अलावा विस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुंदर सिंह ठाकुर भी कांग्रेस को बढ़त दिलाने में जुटे हैं। लाहौल-स्पीति में भी उपचुनाव को लेकर विधायक रवि ठाकुर और पूर्व विधायक रामलाल मारकंडेय की साख दांव पर लगी है। आनी में कांग्रेस विधायक खूबराम और भाजपा प्रत्याशी किशोरी लाल अपना कद बढ़ाने को लेकर प्रचार में जुटे हैं।