रामपुर बुशहर। लोकसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर ने वीरवार को रामपुर में विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाएं कीं। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने पांच माह के कार्यकाल के दौरान ऐसा कोई काम नहीं किया है, जिसके नाम पर वह लोगों से वोट मांग सके। उन्होंने कहा कि रामपुर से संबंध रखने वाले वीरभद्र सिंह छठी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं, लेकिन उन्होंने आज तक रामपुर के लिए कुछ नहीं किया है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर भी प्रहार करते हुए कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार ने देश को भ्रष्टाचार और महंगाई के अलावा कुछ नहीं दिया। जब वीरभद्र सिंह स्वयं केंद्रीय मंत्री रहते हुए प्रदेश के लिए कुछ नहीं कर पाए तो अब लोग प्रतिभा सिंह से क्या उम्मीद कर सकते हैं? उन्होंने ननखड़ी में कहा कि भाजपा ने ननखड़ी के युवाओं की समस्याओं को देखते हुए यहां कालेज खोला, लेकिन कांग्रेस ने सत्ता में आते ही उसे बंद करने के आदेश जारी कर दिए। भाजपा ने किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए दत्तनगर में मिल्क प्लांट खोला, लेकिन कांग्रेस ने सत्ता में आते ही दूध के दाम कम कर दिए। इससे साफ है कि कांग्रेस को रामपुर के भोले भाले लोगों से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अब समय आ रहा है कि केंद्र की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंके। इसकी शुरुआत उप चुनाव से होगी। वीरवार को खराण, खौली घाट, ननखड़ी, थैली चकटी और रामपुर में जनसभाओं का आयोजन किया। इस मौके पर उनके साथ मंडल अध्यक्ष विजय सिंह विष्ट, भाजपा प्रत्याशी रहे प्रेम सिंह द्रैक, सांसद शिमला संसदीय क्षेत्र वीरेंद्र कश्यप, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राम स्वरूप शर्मा, प्रवीन शर्मा, शिशु भाई धर्मा, सुरेश भारद्वाज, राज्य सभा सांसद, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय गुप्ता, विनय शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।