
केलांग। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति मेें कार्यरत सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन सम्मानित करने जा रहा है। रोहतांग दर्रा पार करने वाले राहगीरों के बाद अब प्रशासन विद्युत बोर्ड और भारत संचार निगम के कर्मियों को भी 15 अप्रैल को सम्मानित करेगा।
डीसी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि भारी बर्फ के बावजूद जान जोखिम में डाल कर मनाली से लाहौल की तरफ आने वाली क्षतिग्रस्त बिजली की 33 केवी लाइन को दुरुस्त कर कर्मचारियों ने विद्युत आपूर्ति बहाल की है। उन्होंने कहा कि बोर्ड के कर्मचारियों और अधिकारियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद यह कार्य किया। इसमें कर्मचारियों और अधिकारियों की काम के प्रति अपनी ईमानदारी और कर्तव्य निष्ठा झलकती है।
उन्होंने कहा कि चारों तरफ बर्फ से घिरे इस क्षेत्र में क्षतिग्रस्त तारों को दुरुस्त करना इतना आसान काम नहीं है। इस काम के दौरान हिमखंड लुढ़कने के कारण कर्मियों की जान तक जा सकती है। इस मुश्किल घड़ी में बिजली बहाल करने वाले विद्युत बोर्ड के कर्मियों को हिमाचल दिवस पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। डीसी ने घाटी के भीतर इंटरनेट सेवा बहाल करने के बाद भारत संचार निगम लिमिटेड के अधिकारियों और कर्मियों को भी सम्मानित करने का ऐलान किया है। दूसरी तरफ डीसी के इस फैसले का लाहौल-स्पीति अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने स्वागत किया है।