लाल पानी निकाल रहा है हैंडपंप

घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल के कई हैंडपंप मटमैला पानी उगल रहे हैं। यहां बाजार के समीप ही हैंडपंप से भी इन दिनों मटमैला पानी आने से लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। हैंडपंप लाल रंग का पानी उगल रहा है। जिससे लोगों में बीमारियां फैलने का भय पैदा हो गया है। लोगों का कहना है कि इस बारे में उन्होंने कई बार आईपीएच विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया, लेकिन इसे ठीक नहीं किया जा रहा। गंदा पानी आने से लोगों ने हैंडपंप का प्रयोग छोड़ दिया है। इमरजेंसी में जो लोग इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। वह भी बीमारियां फैलने की आशंका से भयभीत हैं। अंकु शर्मा, सुरेश कमलेश, आशू, नीरज, सुनील, दबीना, कांता देवी ने बताया कि पहले इस हैंडपंप का पानी स्वच्छ हुआ करता था। कुछ दिन पूर्व आईपीएच विभाग ने हैंडपंप की सफाई की थी। इस दौरान हैंडपंप की कुछ पाइपें भी निकाली गई। उस दिन से लेकर आज तक इस हैंडपंप में लाल रंग का पानी निकल रहा है। जिसको पीने से लोग स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस हैंडपंप को ठीक करने के बारे में विभाग को कई बार बताया गया लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। उधर, आईपीएच के अधिशासी अभियंता पीसी शर्मा ने कहा कि यदि हैंडपंप खराब है तो इसे ठीक कर दिया जाएगा।

Related posts