रोहतांग के आकर्षण से पर्यटन कारोबार गुलजार

कुल्लू। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली का रोहतांग दर्रा इन दिनों पर्यटकों से गुलजार है। रोहतांग खुलते ही यहां पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। जानकारी के अनुसार इन दिनों रोहतांग में बर्फ के दीदार करने के लिए हजारों पर्यटक पहुंच रहे हैं। 13050 फुट ऊंचे रोहतांग दर्रे से बर्फ के बीच से कुल्लू-मनाली की वादियों को निहारने का कुछ अपना ही आनंद है। इसके अलावा रोहतांग का कूल-कूल मौसम भी पर्यटकों को काफी भा रहा है।
कुल्लू-मनाली में पर्यटन सीजन चरम पर है। मनाली के अधिकतर बड़े होटल पैक चल रहे हैं। इसके अलावा छोटे होटलों में भी 60 फीसदी से ज्यादा बुकिंग है। मनाली के होटल व्यवसायियों का मानना है कि रोहतांग खुलने से मनाली में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप ठाकुर का कहना है कि रोहतांग खुलते ही पर्यटन व्यवसाय में एकदम उछाल आया है। पर्यटन व्यवसाय और अधिक बढ़ने की संभावना है। इन दिनों बर्फ से ढकी रोहतांग की वादियां पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। रोहतांग घूमने आए पंजाब के पटियाला के स्वर्ण सिंह, जसवीर सिंह, प्रीति कौर, बडोदरा गुजरात की प्रियंका, अविनाश, दिल्ली के राहुल, रवीना तथा मानवी ने कहा कि बर्फ से ढका रोहतांग उन्हें अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। वे यहां बर्फ में जमकर अठखेलियां कर रहे हैं।

जाम में भी फंस रहे वाहन
मनाली। रोहतांग के लिए सैकड़ों वाहनों की आवाजाही के चलते लोगों को ट्रैफिक जाम से भी जूझना पड़ रहा है। बुधवार को भी सैकड़ों वाहन करीब तीन घंटे तक जाम में फंसे रहे। पर्यटकों का कहना है कि रोहतांग तक मार्ग संकरा होने के कारण जाम लग रहा है। इसके अलावा कई बेतरतीब वाहन भी जाम की समस्या को बढ़ा रहे हैं।

Related posts