
रोहडू। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ ही नगर परिषद रोहडू में लंबे समय से रिक्त पदों को भरने की उम्मीद जग गई है। कर्मियों की कमी के चलते नगर परिषद रोहडू को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिषद में सफाई कर्मचारी से लेकर अन्य स्टाफ का भी टोटा बना हुआ है। रिक्त पदों के चलते परिषद का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। नगर के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर परिषद रोहडू में लंबे समय से एक पद ईओ (कार्यकारी अधिकारी), एक पद क्लर्क, एक काम्युनिटी आर्गेनाइजर तथा एक पद सेनेटरी सुपरवाइजर का रिक्त चल रहा है। मौजूदा समय में नगर परिषद रोहडू के पास आठ सफाई कर्मचारी हैं। जबकि, नगर परिषद को सभी सात वार्डों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 13 सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता है। सफाई कर्मचारियों के पदों को भरने के लिए नगर परिषद को स्वीकृति का इंतजार है। आलम यह है कि सप्ताह में छुट्टी के दिन सफाई का कार्य ठप रहता है। कर्मचारियों की कमी के चलते नगर परिषद रोहडू लंबे समय से लंबित पड़ा अपना लाखों रुपये का गृह कर तक नहीं वसूल पा रहा है। नगर परिषद रोहडू के उपाध्यक्ष सुखदेव चौहान ने पुष्टि की है कि नगर परिषद रोहडू में लंबे समय से कर्मचारियों के पद रिक्त हैं। इसके चलते दिक्कतें पेश आ रही हैं। परिषद के अन्य कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। अब प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद नगर परिषद रोहडू में रिक्त पद भरे जाने चाहिए। रोहडू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने बताया कि नगर परिषद रोहडू में रिक्त पदों को भरने के लिए वह प्रयासरत हैं। शीघ्र रिक्त पदों को भरा जाएगा।