रामपुर बुशहर। कांग्रेस के शिमला जिला (ग्रामीण) अध्यक्ष केहर सिंह खाची ने दावा किया है कि मंडी उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह रिकार्ड मतों से जीत हासिल करेंगी। दावा किया कि अकेले रामपुर विस क्षेत्र से उनको तीस हजार से अधिक मतों की लीड मिलेगी।
रामपुर में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेसी कार्यकर्ता प्रतिभा सिंह के चुनाव प्रचार में दिन-रात एक कर रहे हैं। कार्यकर्ता घर-घर जाकर उनके लिए समर्थन जुटा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल भाजपा जनता से सहानुभूति हासिल करने के लिए कांग्रेस के खिलाफ भ्रामक प्रचार कर रही है। पांच वर्ष सत्ता में रहने पर भाजपा ने यहां के लोगों के लिए कुछ नहीं किया। अब चुनाव नजदीक हैं तो लोगों को तरह-तरह के प्रलोभन देकर अपने साथ करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शिमला समेत समूचे हिमाचल में एक समान विकास किया। जबकि, भाजपा ने हमेशा क्षेत्रवाद को बढ़ावा देकर ऊपरी हिमाचल की अनदेखी की। पांच माह के कार्यकाल में कांग्रेस ने कई उपलब्धियां अर्जित की हैं और इसका उपचुनाव में पार्टी को फायदा मिलेगा। पूर्व सरकार ने पूंजीपतियों को जमीन कौड़ियों के भाव बेचकर हिमाचलियों के साथ अन्याय किया। इस अवसर पर कैलाश फेडरेशन अध्यक्ष बृजलाल ने भी भाजपा पर जमकर निशाने साधे। कहा कि भाजपा यहां के लोगों को वोट के लिए गुमराह कर रही है। प्रेसवार्ता में उपप्रधान काशापाट फूला सिंह तथा पूर्व प्रधान मुनिश देवेंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे।