पिथौरागढ़। रक्तदान कर दूसरों की जिंदगी बचाने वाले स्वास्थ्य विभाग के कर्मी दर्शन लाल को सम्मानित किया गया। साथ ही नगर पालिका के सबसे युवा सभासद विक्की वाल्मीकि को भी सम्मान से नवाजा गया। नगर पालिका सभागार में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने दोनों का माल्यार्पण कर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कहा कि दर्शन ने रक्तदान का नेक कार्य कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया है। वहीं वाल्मिकी समाज के विक्की ने महज 22 वर्ष की उम्र में टकाना क्षेत्र से पालिका में नुमाइंदगी की है। वे अपने समाज से पालिका सदस्य बनने वाले पहले शख्स हैं।
जिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मी दर्शन लाल बीते चार वर्षों में 56 लोगों को रक्तदान कर चुके हैं। उनके इस कदम से इन लोगों की जिंदगी बच सकी। इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बोहरा ने जिले में युवाओं को रक्तदान करने के लिए प्रेरित करने वाले दर्शन लाल के कार्यों की सराहना की। इस मौके पर स्वच्छकार संघ के जिलाध्यक्ष कल्लू राम, वाल्मिकि समाज के सरपंच मनोज कुमार, गणेश भंडारी, कमलेश वल्दिया, जुगल किशोर, जगदीश पांडे आदि मौजूद थे।