मोटरसाइकिल हादसे में दो घायल

अंब (ऊना)। क्षेत्र के भैरा में देर सायं एक बाइक की टक्कर से युवक घायल हो गया। दुर्घटना में खुद मोटरसाइकिल सवार भी घायल हो गया है। शुक्रवार देर रात पेश आए हादसे के संदर्भ में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। दोनों घायलों को नाजुक हाल के चलते चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
प्रिंस अपने मोटरसाइकिल से दियाडा में भैरा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान हंबोली लिंक रोड के समीप सड़क पार कर रहे जोगिंद्र सिंह पुत्र चनण सिंह निवासी भैरा बाइक की चपेट में आ गए। मोटरसाइकिल की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टक्कर लगने के बाद जोगिंद्र सिंह करीब 10 फुट दूर जाकर गिरे। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को निजी गाड़ी में डालकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने जोगिंद्र सिंह की गंभीर हालत के कारण पीजीआई रेफर कर दिया। प्रिंस के परिजन उसे पंजाब के जालंधर स्थित निजी अस्पताल ले गए हैं। अंब थाना में ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने बताया कि मोटरसाइकल चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।

Related posts