मेडिकल रिपोर्ट में दुराचार की पुष्टि

अंब (ऊना)। अपने पिता पर दुराचार का आरोप लगाने वाली युवती की मेडिकल रिपोर्ट पुलिस के पास पहुंच गई है। रिपोर्ट में युवती से दुराचार की पुष्टि हुई है। युवती ने आरोप जड़ा था कि उसका पिता उसके साथ पिछले पांच वर्षों से रेप कर रहा है। 22 वर्षीय पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया था कि बुधवार को सुबह भी उसके साथ दुराचार हुआ। अब पुलिस आरोपी का भी मेडिकल करवा रही है। आरोपी बृज मोहन के खिलाफ पुलिस ने अंब थाने में भादंसं की धारा 376 और 506 के तहत मामला दर्ज कर रखा है। आरोपी को गिरफ्तार करके पूछताछ जारी है। दूसरी ओर पीड़िता के माता-पिता और रिश्तेदार युवती के ही चरित्र पर सवाल उठा रहे हैं। वीरवार को भी युवती की मां और अन्य रिश्तेदारों ने अंब थाने के बाहर खूब हंगामा किया। इस पर पुलिस ने उन लोगों को थाने के बाहर से खदेड़ दिया। उधर, पीड़ित युवती ने बुधवार की रात थाने में ही काटी। महिला पुलिस कर्मियों ने युवती का पूरा ख्याल रखते हुए उसे जरूरत का हर सामान उपलब्ध कराया। बताया जा रहा है कि परिजन और रिश्तेदार उसे तरह-तरह की धमकियां भी दे रहे हैं। अब पुलिस ने रिश्तेदारों के युवती से मिलने पर भी रोक लगा दी है। कई संगठनों और बुद्धिजीवियों ने पीड़िता के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी सजा की भी मांग की है। बुद्धिजीवी वर्ग इस बात से भी खफा है कि जहां पीड़िता को हिम्मत देनी चाहिए, वहीं उससे उसी के घर की छत छीनकर नारी निकेतन या किसी आश्रम में भेजने की बातें हो रही हैं। उधर, एडिशनल एसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पूरे मामले की बारीकी से छानबीन की जा रही है। उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट में दुराचार की पुष्टि होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि आरोपी का भी मेडिकल कराया जा रहा है। एएसपी ने कहा कि किसी को भी कानून को अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जा सकती। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और बेगुनाह को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा। इस बीच आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर भेजा गया है।

Related posts