मानदेय न मिलने पर भड़के एचआरटीसी कर्मचारी

हमीरपुर। परिवहन निगम कर्मचारी ओवरटाइम के चक्कर में अब वेतन को भी तरसने लगे हैं। समय पर मानदेय न मिलने से कर्मचारियों के परिवार भूखे रहने की कगार पर पहुंच गए हैं। पहले भी कई बार कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पाया है। अब भी मई माह का मानदेय भी कर्मचारियों को अभी तक जारी नहीं हुआ है। निगम कर्मचारियों में प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति रोष है। निगम के हमीरपुर डिपो के तहत साढ़े चार सौ कर्मचारियों को मंगलवार तक वेतन जारी नहीं हो पाया।
कर्मचारियों में सुरेंद्र पटियाल, अजमेर ठाकुर, नटरंजन, तरसेम, राकेश शर्मा, किशोर कुमार, विपिन कुमार, नरेश कुमार, विशाल धीमान, अमित कुमार, सुमित, मनमोहन सिंह, योगराज आदि का कहना है कि दिन रात सेवाएं देने के बावजूद ओवरटाइम तो दूर उन्हें वेतन तक समय पर जारी नहीं किया जा रहा है। ऐसे में उनके परिवार भूखे मरने की कगार पर पहुंच गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि हमीरपुर डिपो में करीब साढ़े चार सौ कर्मचारी है जिन्हें चार जून को भी मानदेय जारी नहीं हो पाया है। कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन पर अनदेखी का आरोप लगाया। चेतावनी दी कि उनका वेतन समय पर जारी नहीं किया गया तो उन्हें दोबारा संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक अवतार सिंह का कहना है कि उच्चाधिकारी मामले से अवगत है। वेतन जारी होते ही सभी कर्मचारियों को वेतन मिल जाएगा।

Related posts