
सराहां (सिरमौर)। भाजपा मंडल पच्छाद ने 33वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर भाजपाइयों को संबोधित करते हुए लोकसभा सांसद वीरेंद्र कश्यप ने बताया कि राज्य की कांग्रेस सरकार का 100 दिनों का रिपोर्ट कार्ड जनता ने नकार दिया है। कांग्रेस पूरी तरह से विफल रही है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा ही एक मात्र ऐसी सशक्त पार्टी है जो केंद्र सहित पूरे राज्यों में गरीबों, उत्पीड़ितों के साथ न्याय कर सकती है। उन्होंने महंगाई तथा भ्रष्टाचार पर अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा आम हिंदुस्तानी को भुगतना पड़ रहा है। भ्रष्टाचार तथा महंगाई कांग्रेस के प्रमुख शस्त्र रहे हैं।
उन्होंने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि लोक सभा में रहते हुए उन्होंने प्रदेश के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य किया है। अफीम की खेती का मुद्दा कई बार लोकसभा में उठाया है। इसके अलावा इंदिरा आवास योजना के तहत भवन बनाने के मुद्दों को भी उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर लोकसभा में उठाया है। इसके चलते उन्हाेंने एक लाख 25 हजार रुपए इंदिरा आवास योजना के तहत लोगों को दिलाए जाने की केंद्र सरकार से मांग की थी।
इससे पूर्व समारोह में कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार रखे। स्थापना दिवस के अवसर पर जिला परिषद अध्यक्षा दयाल प्यारी, पच्छाद पंचायत समिति सदस्य सुरैया शर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष चक्रधर भंडारी, जिला परिषद सदस्य ललिता शर्मा, तारा दत्त शर्मा, शिव कुमार गुप्ता, विष्णु दत्त, मंडल सचिव राधिका शर्मा सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।