मरेडी के पास भूस्खलन से अवरुद्ध होता है मार्ग

चंबा। चंबा-साहो व सिल्लाघराट मार्ग थोड़ी सी बारिश होने के बाद बंद हो जाता है। मार्ग पर स्थित मरेडी नामक स्थान पर अक्सर भूस्खलन होता रहता है। इस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जरा सी बारिश होने पर मार्ग पर मलबा आ जाता है और मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। सोमवार को भी बारिश होने के बाद भूस्खलन शुरू हो गया था। काफी देर तक मार्ग बंद नहीं रहा, लेकिन बार-बार मार्ग बंद होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी मदन कुमार, राजेश कुमार, मनोज ठाकुर, हरीश, छिंदू, नरेश ने बताया कि इस स्थान पर स्थाई समाधान के लिए विभाग को पहल करनी चाहिए। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग चंबा मंडल के सहायक अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि भूस्खलन संभावित स्थल विभाग ने चिन्हित कर लिए हैं। इन स्थानों पर हर समय विभाग के कर्मचारी तैनात रहते हैं। भूस्खलन संभावित स्थान पर ज्यादा मलबा मार्ग पर आने पर इसे हटाने के लिए मशीनरी भी प्रयोग में लाई जाती है। जीत सिंह ठाकुर ने कहा कि लोक निर्माण विभाग लोगों की दिक्कतों का समाधान करने के लिए प्रयासरत है। आगामी बरसात से निपटने के लिए भी विभाग ने पुख्ता प्रबंध किए हैं।

Related posts